ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तराखंड ने पुडुचेरी को रोमांचक मुकाबले में दस रन से हराया। अंतिम ओवरों में गेंदबाज सन्नी राणा, सन्नी कश्यप और हिमांशु बिष्ट बेहद किफायती साबित हुए। तीनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
रविवार को नई दिल्ली के एयरफोर्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले खेलने उतरी उत्तराखंड की टीम ने निर्धारित ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। कप्तान रजत भाटिया ने 30, करनवीर ने 12, सौरभ रावत ने 12, वैभव ने 7, शिवम खुराना ने 29, विजय शर्मा ने 30 और गिरीश रतूड़ी ने 16 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुडुचेरी को उत्तराखंड के गेंदबाजों ने शुरूआती झटके दिए। पुडुचेरी को पहला झटका पहली ओवर की दूसरी गेंद पर सन्नी राणा ने रोहित को आउट कर दिया। दूसरे ओवर में सन्नी कश्यप ने एस कार्तिक को आउट कर टीम को दूसरा झटका दिया। इसके बाद पीके डोगरा ने एक छोर से बल्लेबाजी करते हुए 53 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। वहीं, दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पुडुचेरी की टीम निर्धारित 20 ओवर में केवल 131 रन ही बना पाई और मुकाबला 10 रनों से हार गई। उत्तराखंड के लिए सन्नी कश्यप, हिमांशु बिष्ट और सन्नी राणा ने दो-दो व रोहित डंगवाल ने एक विकेट लिया।