ले.ज. हनूत सिंह के समाधि स्थल की सील खुलेगी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। नगर निगम ने लेफ्टिनेंट जनरल हनूत सिंह के समाधि स्थल पर लगी सील खोलने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही समाधि स्थल के आसपास करीब 50 बीघा जमीन पर हुए अवैध कब्जे को भी हटाया जाएगा। मेयर सुनील उनियाल गामा के नेतृत्व में निगम की टीम ने रास्ता बनाने के साथ ही अतिक्रमण चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट जनरल के समाधि स्थल को सील करने के मामले को गत वर्ष अगस्त में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
बृहस्पतिवार को मेयर गामा के नेतृत्व में निगम के अधिकारी व कर्मचारी चित्रा विहार स्थित जनरल हनूत सिंह के समाधि स्थल पर पहुंचे। इसके बाद निगम की जेब्रा टीम ने जेसीबी की मदद से परिसर तक मार्ग बनाने का काम शुरू किया। इस दौरान कुछ लोगों ने रास्ता बनाने का विरोध किया, लेकिन निगम कर्मियों के समझाने पर वे लोग शांत हो गए।
समाधि स्थल के आसपास करीब 50 बीघा जमीन पर बड़े पैमाने पर कब्जा किया गया है। इसको लेकर मेयर गामा ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से कब्जों को चिह्नित कर हटाने के निर्देश दिए। कब्जा हटाने के बाद पूरी जमीन पर तारबाड़ करने को भी कहा। इस अवसर पर एमएनए विनय शंकर पांडेय, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश जोशी, अधिशासी अभियंता रचना पयाल समेत निगम के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
--
पूरे शहर से हटाएंगे कब्जे
मेयर गामा ने शहरभर में निगम की जमीनों पर हुए कब्जों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ निगम को जनहित की योजनाओं के लिए भूमि नहीं मिल पा रही है। वहीं, दूसरी तरफ सैकड़ों बीघा जमीनों पर भूमाफिया ने कब्जा किया है। उन्होंने कहा कि निगम की टीम ऐसी सभी जमीनों को चिह्नित कर कब्जे हटाने की कार्रवाई करेगी।