ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
रेंजर्स ग्राउंड पर चल रही 72वीं डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को द्रोणा इलेवन ने अनस इलेवन को हराकर पूरे अंक हासिल किए। द्रोणा इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37.3 ओवर में 273 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज हिमांशु बिष्ट (58) और बी. सिंह (82) के बीच पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। इसी स्कोर पर हिमांशु 58 रन बनाकर आउट हो गए। हिमांशु के आउट होने के बाद कोई बड़ी साझेदारी नहीं हुई। पूरी टीम ने मिलकर 273 बनाए। टीम के लिए बी. सिंह ने 82, गौरव ने 47, विनय ने 37 व रोहन ने 17 रनों का योगदान दिया। अनस की ओर से अंकित ने चार व राहुल ने तीन विकेट चटकाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी अनस इलेवन की पूरी टीम केवल 129 रन पर सिमट गई और मुकाबला 144 रनों से हार गई। टीम की ओर से अंकित ने 32, टी. कुमार ने 31, गौरव ने 17 व शार्दूल ने 13 रन बनाए। वहीं, द्रोणा के गेंदबाज गौरव और राज चौहान ने चार-चार व बी. सिंह ने दो विकेट अपने नाम किए।