नौगांव। सुनारा गांव में आयोजित नौ दिवसीय नवरात्र समारोह का विशेष पूजा अर्चना के साथ समापन किया गया। हर तीसरे साल आयोजित होने वाले इस समारोह में पांडव पश्वाओं ने गांव व ग्रामीणों की सुख समृद्धि की कामना कर बुरी शक्तियों को दूर किया। नौ दिनों तक चले इस भव्य समारोह में बुधवार रात को थाती पूजन का आयोजन किया गया, जिसके बाद गांव की चारों दिशाओं में सूत बांधकर ग्रामीणों की सुरक्षा की कामना की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने हाथी स्वांग नृत्य, पांडव नृत्य आदि कर उत्सव मनाया और देवताओं से सुख समृद्धि की कामना की। पंडित गुरू प्रसाद बिजल्वाण व राहुल नौटियाल ने बताया कि नौ दिनों तक चले इस द्विवार्षिक महोत्सव में नव गृहों व देवी भद्रकाली सहित सभी देवी देवताओं को प्रसन्न करने के लिए विशेष पूजन किया गया। समारोह में प्रधान अजब सिंह, विजय बंधानी, रमेश चंद रावत, सोबेंद्र सिंह, दीपक चंद, भरत सिंह, दिनेश चंद, धीरपाल रावत, सोबत सिंह, प्रताप असवाल, हरदेव सिंह, लक्ष्मण रमोला आदि मौजूद रहे।