योगेश और अनु ने जीता स्वर्ण पदक
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। भारतीय जीवन बीमा निगम की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय एलआईसी खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में हुआ। मुख्य अतिथि एमडी वी वेणुगोपालन ने कार्यक्रम का शुभारंभ एलआईसी खेल ध्वज फहराकर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद खेल प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।
110 मीटर बाधा दौड़ में योगेश ने बाजी मारी। उन्हें गोल्ड मेडल दिया गया। 200 मीटर दौड़ में अनु मरियम स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। कैरम के महिला वर्ग में अपूर्वा, दीपिका सिन्हा, मेघा व पी निर्मला ने अपने-अपने मुकाबले जीते। पुरुष वर्ग में दिलीबाबू, प्रकाश गायकवाड़, जहीर अहमद, एस अहमद, एके सिंह व सागिर अहमद जीत के साथ अगले दौर में पहुंचे। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में 11 और महिला वर्ग में चार खिलाड़ियों अपने अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। बैडमिंटन के पुरुष एकल वर्ग में प्रेम सिंह ने जयंत को 21-10, 21-8 से, कमलेश बाबू ने एचके सेन गुप्ता को 21-18, 21-16 से, सिद्धार्थ ने पी परवाकर को 21-7, 21-6 के अंतर से हराया। वॉलीबाल में साउथ सेंट्रल जोन ने ईस्ट सेंट्रल जोन को 25-17, 25-13, 25-17 से और नॉर्थ जोन ने ईस्ट जोन को 25-11, 25-6, 25-20 से और साउथ जोन ने सेंट्रल जोन को 25-6, 25-7, 25-10 के अंतर से हराकर पूरे अंक हासिल किए।
वर्ल्ड कैरम चैंपियन अपूर्वा को भाया दून का मौसम
वर्ल्ड कैरम चैंपियनशिप 2018 की विजेता अपूर्वा भी एलआईसी खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने दून पहुंचीं। मूूलरूप से हैदराबाद की रहने वाली अपूर्वा ने बताया कि उन्हें दून का मौसम काफी पसंद है।