बिजली चोरी मामले में जांच के आदेश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। लक्सर स्थित पिटकुल सब स्टेशन के साथ ही यूपीसीएल के सब स्टेशनों से बिजली चोरी के मामले में यूपीसीएल व पिटकुल अभियंताओं की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार दोनों निगमों के कई अभियंताओं व कर्मचारियों की मिलीभगत से लाखों की बिजली की चोरी की गई। अब प्रमुख सचिव ऊर्जा ने प्रकरण में जल्द जांच करने का आदेश देने के साथ ही रिपोर्ट तलब की है। इससे विभागीय अधिकारियों और अभियंताओें में हड़कंप स्थिति है।
उल्लेखनीय है कि लक्सर स्थित पिटकुल के सब स्टेशन व यूपीसीएल के सब स्टेशनों से बिजली चोरी का मामला सामने आया है। प्रकरण उजागर होने के बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए कुछ अभियंताओं व कर्मचारियों को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब प्रमुख सचिव ऊर्जा के निर्देश पर दोनों निगमों के मुख्य अभियंताओं की उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर जांच कराई जा रही है। प्रमुख सचिव ऊर्जा ने पिटकुल अफसराें को मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए तो विभागीय अधिकारियों ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर इतिश्री कर ली।
दूसरी ओर यूपीसीएल और पिटकुल में चर्चाएं हैं कि कुछ अभियंताओं व कर्मचारियों ने लोहा गलाने वाली फर्नेस संचालकों से साठगांठ कर लाखों की बिजली चोरी कराई। इस प्रकरण में दोनों निगमों के आला अफसरों की भूमिका भी सवाल खड़े हो रहे हैं? अब जबकि प्रमुख सचिव ऊर्जा राधिका झा ने यूपीसीएल के प्रबंधकों को तलब कर प्रकरण में जल्द कार्रवाई करने की हिदायत दी है। इससे संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं में हड़कंप की स्थिति है। नौकरी पर खतरा मंडराते देख कई अभियंताओं व कर्मचारियों ने नौकरी बचाने को लेकर जुगाड़ लगाना भी शुरू कर दिया है। पिटकुल व यूपीसीएल के कई अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कराई गई तो कई अभियंताओं और कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है।
-- -- --
कोट :::
प्रकरण में यूपीसीएल व पिटकुल प्रबंध निदेशकों से जल्द जांच पूरी कराकर रिपोर्ट तलब की गई है। मुख्य अभियंताओं की अगुवाई में चार सदस्यीय कमेटी गठित प्रकरण की जांच करायी जा रही है। जांच में जो भी अधिकारी, कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- राधिका झा, सचिव ऊर्जा