शिक्षा मंत्री आवास पर शिक्षा मित्रों का धरना
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सहायक अध्यापक (औपबंधिक) के रूप में नियुक्ति देने की मांग को लेकर पिछले नौ दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे शिक्षा मित्रों ने मंगलवार को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के आवास के बाहर धरना दिया। देर शाम मंत्री के आश्वासन पर उन्होंने अपना धरना समाप्त किया। शिक्षा मित्रों ने कहा कि वह बुधवार को आंदोलन के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।
नौ दिनों से शिक्षा मित्र क्रांतिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष पूर्ण सिंह राणा का धरनास्थल पर आमरण अनशन चल रहा है। मंगलवार को दोपहर बाद उनके समर्थन में शिक्षा मित्र यमुना कॉलोनी पहुंचे और शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार ने उनसे पहले डीएलएड प्रशिक्षण पूरा करने वाले शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक (औपबंधिक) के रूप में नियुक्ति दी। इसके बाद प्रशिक्षण पूरा करने वाले करीब 900 शिक्षा मित्रों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गई। इसको लेकर वह लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है।
रात करीब नौ बजे शिक्षा मंत्री ने उनका मामला कैबिनेट में लाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। धरना प्रदर्शन करने वालों में प्रदर्शन करने वालों में चित्रा राणा, बाला दत्त शर्मा, संध्या शर्मा, अजयपाल सिंह, मातवर सिंह, हरि सिंह नेगी, जसवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, धर्म सिंह, सुनील मिश्रा, गोपाल समेत अन्य शामिल रहे।