उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। थौलधार सांस्कृतिक लोक कला मंच ने अपना सातवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। माल रोड पर झूलाघर के समीप स्थित वैडिंग प्वाइंट में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में लोक गायक मनोज सागर, बिरेंदर सिंह पंवार, दिवान सिंह पंवार और लोक गायिका पूनम सती ने अपनी आवाज के बल पर देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा।
इस अवसर पर मंच की ओर से शिक्षा के लिए सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज रयाल, पत्रकारिता के क्षेत्र में देवेंद्र उनियाल, राज्य आंदोलनकारी धन सिंह रावत, उत्तराखंडी लोक संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रदीप भंडारी, मिस उत्तराखंड -2018 मानसी रावत, जन सरोकारों के लिए रामेश्वर प्रसाद बड़ोनी और नगर में कानून व्यवस्था के लिए कोतवाल भावना कैंथोला को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार ने सभी को शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समारोह में पूर्व विधायक महावीर सिंह रांगड़, पूर्व विधायक जोतसिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, भाजपा मंडलाध्यक्ष मोहन पेटवाल, थौलधार सांस्कृतिक लोक कला मंच के अध्यक्ष विजय सिंह बिंदवाल, लंढौर कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष महेश चंद्र, पूरण रावत, लाभ सिंह रावत, चंद्र प्रकाश, मीरा सकलानी, अनीता सक्सेना आदि मौजूद रहे।