रिटेल में मुनाफे के लिए ब्रांडिंग जरूरी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अमर उजाला ब्रांड स्ट्रेटजिस्ट कार्यक्रम के अंतिम दिन रिटेल कारोबारियों को विज्ञापन के जरिये कारोबार चमकाने के टिप्स दिए गए। उन्हें बताया गया कि मुनाफे के लिए ब्रांडिंग कितनी जरूरी है। तीसरे दिन काफी संख्या में रिटेल कारोबारियों की भीड़ उमड़ी। उन्होंने व्यापार बढ़ाने संबंधी तमाम अहम जानकारियां हासिल की।
बुधवार को चकराता रोड स्थित होटल रमाडा में दुबई से आए रिटेल एक्सपर्ट ताजदार अमान ने बताया कि रिटेल कारोबारियों को व्यवसाय का दायरा बढ़ाने और मुनाफे के लिए अपने उत्पाद का अधिक से अधिक प्रचार करना चाहिए। जिससे उनके उत्पाद के बारे में अधिक से अधिक लोग जान सकें। यह केवल विज्ञापन के जरिये ही संभव है। प्रिंट मीडिया, डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से रिटेल कारोबारी अपने उत्पाद को आसानी से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं। जितना अधिक विज्ञापन करेंगे, उतना ही ब्रांड मजबूत होगा। वहीं, लगातार अपने उत्पाद को लेकर कुछ न कुछ करते रहना चाहिए। अपने प्रोडक्ट की क्वालिटी पर ध्यान दें, ग्राहक हर बार वैसी ही क्वालिटी के लिए रिटेल कारोबारी के पास पहुंचता है, जो वह पहले लेकर गया होता है। इसके अलावा बेहतरीन सर्विस भी रिटेल कारोबार को बढ़ाने में अपना अहम योगदान देता है। मौजूदा समय में रिटेल कारोबार का क्षेत्र काफी तेजी से बदल रहा है। जो रिटेल कारोबारी खुद को समय के हिसाब से बदल ले रहे हैं, वह तो आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, जो समय के साथ कदमताल नहीं कर पा रहे हैं, वह धीरे-धीरे बाजार से विलुप्त होते जा रहे हैं।
अमान ने कहा कि ग्राहक की पसंद के हिसाब से लगातार बदलाव जरूरी है। क्वालिटी, सर्विस, कीमतों पर कार्य करना होगा। रिटेल कारोबार के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। एडवरटाइजिंग के जरिये इसका लाभ उठाया जा सकता है। इसमें अमर उजाला रिटेल कारोबारियों को डिजिटल, सोशल, प्रिंट मीडिया के माध्यमों से लोगों तक पहुंचा सकता है।