श्रीनगर। गढ़वाल मंडल के राजकीय महाविद्यालयों की संबद्धता पर चल रहा संशय समाप्त हो गया है। 57 राजकीय महाविद्यालयों की संबद्धता अब श्रीदेव सुमन विवि से हो गई है। अभी तक यह महाविद्यालय गढ़वाल विवि से संबद्ध थे। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय ने इन सभी महाविद्यालयों की सूची गढ़वाल विश्वविद्यालय को भी भेजी है। गढ़वाल विवि ने सूची मिलने की पुष्टि की है।
गढ़वाल विवि से संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों के असंबद्ध होने की बात लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन इस संबंध में गढ़वाल विवि या फिर श्रीदेव सुमन विवि की ओर से कोई कागजी कार्रवाई नहीं की गई थी। इससे राजकीय महाविद्यालयों की संबद्धता को लेकर संशय बना हुआ था। अब यह संशय समाप्त हो गया है। श्रीदेव सुमन विवि ने गढ़वाल विवि को 57 राजकीय महाविद्यालयों की सूची सौंपी हैं, जो अब श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हो गए हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि ऋषिकेश महाविद्यालय व विधि महाविद्यालय गोपेश्वर की संबद्धता गढ़वाल विवि से ही रहेगी। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने कहा कि 57 राजकीय महाविद्यालय विधिवत श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हो गए हैं। सभी संबद्ध महाविद्यालयों की सूची गढ़वाल विवि को भी सौंप दी गई है।