ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पिटकुल की ओर से ऋषिकेश, बिंदालपुर, माजरा 1321 केवी ट्रांसमिशन लाइन के क्षतिग्रस्त टावर को बदलने के चलते रविवार को राजधानी के एक चौथाई से अधिक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। आपूर्ति ठप रहने से जहां शहरियों को बिजली के साथ पानी के लिए भी जूझना पड़ा, वहीं रविवार के कारण छुट्टी का भी मजा किरकिरा हो गया। हालांकि यूपीसीएल प्रबंधन की ओर से दावा किया गया था कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अन्य सब स्टेशनों से बिजली की आपूर्ति निश्चित की जाएगी, लेकिन यह योजना भी धरी की धरी रह गई। देर रात तक तमाम इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह मूसलाधार बारिश के दौरान ऋषिकेश, बिंदालपुल, माजरा 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ा टावर बिंदाल नदी में गिर गया था, जिससे तमाम इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। टावर गिरने के साथ ही पिटकुल अभियंताओं ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आगरा से टावर मंगाकर अस्थाई तौर पर बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया था। लेकिन स्थायी टावर नहीं होने की वजह से दिक्कत आ रही थी। आखिरकार पिटकुल प्रबंधन ने रविवार को टावर बदलने का निर्णय लिया। इस कारण बिंदालपुल सब स्टेशन से जुड़े तमाम इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। यूपीसीएल अभियंताओं के मुताबिक जीएमएस रोड, क्लेमेंटटाउन, सुभाषनगर, आफिसर्स कॉलोनी, रिस्पनापुल, सर्वे चौक, ईसी रोड, क्रासरोड माल, दर्शन लाल चौक, शांति विहार, शिवलोक कॉलोनी, इंदर रोड, भगत सिंह कॉलोनी, मोहिनी रोड, राजीव नगर, सारथी विहार, जोगीवाला, ओल्ड सर्वे चौक, राजपुर रोड, ओल्ड मसूरी रोड, हाथीबड़कला, साकेत कॉलोनी, चंद्रलोक कॉलोनी, दिलाराम चौक, बल्लूपुर, बल्लीवाला, आमवाला तरला, नैशविला रोड, विजय कॉलोनी, सुभाष रोड, त्यागी रोड, समेत कई अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों के घरों में लगे पंप नहीं चल पाने की वजह से पानी की किल्लत हुई। लोगों को कालोनियों में लगे हैंडपंपों की मदद लेनी पड़ी। समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। दूसरी ओर बिजली आपूर्ति को लेकर जब यूपीसीएल के मुख्य अभियंता एके सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि टावर शिफ्टिंग के कारण बिजली बाधित है। टावर की मरम्मत की जा रही है। निर्माण कार्य्र पूरा होने के बाद ही बिजली आपूर्ति को सामान्य किया जा सकेगा।