हरिद्वार। रानीपुर मोड़ और भगत सिंह चौक पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। इन कैमरों से जलभराव के दौरान की मॉनिटरिंग रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में की जाएगी। इसके लिए विभाग में एक एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। साथ ही जलभराव होने पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली को भी देखा जा सकेगा।
हर साल बरसात में चंद्राचार्य चौक और भगत सिंह चौक पर जलभराव होता है। इससे यातायात व्यवस्था धवस्त हो जाती है। कई लोगों के वाहन पानी में फंसने के कारण खराब हो जाते हैं। लगभग तीन साल पहले ही चंद्राचार्य चौक पर जलभराव में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। शासन और प्रशासन स्तर पर जलभराव से निपटने के लिए योजना पर कार्य किया जा रहा है। शहरी विकास मंत्री के साथ भी प्रशासनिक अधिकारियों की कई बैठक हुई। भेल ने केशव कुंज के पास कई तालाब बनाए हैं। इसके बावजूद शहर में जलभराव मुख्य समस्या है। इस वर्ष भी कई बार जलभराव हुआ। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पानी निकलवाने की व्यवस्था के आदेश दिए। लेकिन कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। अब चंद्राचार्य चौक और भगत सिंह चौक पर भी चार-चार कैमरे लगवाए जा रहे हैं।
पल-पल की रहेगी जानकारी
दोनों चौक पर कैमरा लगने से विभाग के पास जलभराव के दौरान पल-पल की जानकारी रहेगी। इससे अधिकारी परिस्थितियों से अवगत होते हुए तत्काल कार्रवाई कर सकेंगे। साथ ही जिलाधिकारी के आदेश पर अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं या नहीं इस पर भी नजर रखी जा सकेगी।
आपदा प्रबंधन कार्यलय में होगी मॉनिटरिंग
भगत सिंह चौक और चंद्राचार्य चौक पर कैमरे लगाने के बाद उनकी मॉनिटरिंग रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से की जाएगी। विभाग में एक एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। 24 घंटे कैमरे ऑन रहेंगे और उसका रिकॉर्ड विभाग के पास सुरक्षित रहेगा। कैमरे लगने से अधिकारी के लिए जलभराव की स्थिति और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को देख निर्णय लेने में सहूलियत होगी।
जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में आपदा नियंत्रण की दृष्टि से सीसीटीवी लगाने का कार्यवाही गतिमान है। जल्द ही निगारानी भी कर दी जाएगी।
- मीरा कैंतूरा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी