ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
रेलवे के सेवानिवृत्त रनिंग स्टाफ को सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप पेंशन निर्धारित करने, माइलेज दर संशोधित करने जैसी मांगें पूरी करने के लिए ऑल इंडिया लोको रंनिग स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह नौ से लेकर रात नौ बजे तक 12 घंटे का उपवास रखा। इस दौरान कर्मचारी कार्य से विरत रहे। उपवास पर बैठक कर्मचारियों ने कहा कि मांगों के बाबत कई बार रेल मंत्रालय व आला अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ रहा है। कर्मचारी एक जनवरी 2016 से पूर्व सेवानिवृत्त रंनिग स्टाफ को सातवें वेतन के अनुसार तुलनात्मक पेंशन निर्धारण करने की मांग कर रहे हैं। उपवास में उज्ज्वल कुमार, त्रेपन सिंह, राजेंद्र सिंह गुसांई, बीएस राजपूत, गिरीश भट्ट, सुशील कुमार, प्रणय कुमार, राममूर्ति, गौरव कुमार, कालूराम मीणा, मनोज कुमार, मुरारी लाल मीणा, देव कुमार सिन्हा, सुबोध कुमार, अमित कुमार, विपिन कुमार, रूप सिंह, धनेश कुमार, मनोज कुमार मीणा आदि शामिल रहे।