वार्ता के बाद टला रोडवेज कर्मियों का धरना
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने 29 जून को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन फिलहाल टाल दिया है। मंगलवार को प्रबंध निदेशक की अनुपस्थिति में महाप्रबंधक संचालन व तकनीकी दीपक जैन से हुई वार्ता के बाद उन्होंने धरना-प्रदर्शन टालने का फैसला किया। हालांकि उन्होंने मांग पूरी न होने पर 16 जुलाई से उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
महाप्रबंधक संचालन व तकनीकी दीपक जैन ने कर्मचारियों को पत्र सौंपते हुए कहा कि सभी मांगों पर अंतिम निर्णय प्रबंध निदेशक ही लेंगे। उन्होंने दो जुलाई को प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में वार्ता का आश्वासन दिया। उनके अनुरोध पर कर्मियों ने निगम मुख्यालय पर 29 जून को प्रस्तावित धरने को 15 दिन के लिए स्थगित करने का फैसला लिया। कर्मचारियों ने गांधी रोड कार्यालय में बैठक कर दो जुलाई तक मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी। बैठक में रविंद्र भगत, रवि पचौरी, रमेश कुमार, रविनंदन, हरि सिंह, भोला जोशी, सुदेश कुमार, नवीन चंद्र भट्ट, अजय कुमार, राकेश तोमर, अजय कुमार, बृजपाल, विनोद कुमार, सुनील कुमार समेत अन्य शामिल रहे।