राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए 30 तक आवेदन करें शिक्षक
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए प्रदेश के शिक्षक 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस पुरस्कार के लिए केवल सरकारी स्कूलों के शिक्षक ही पात्र होंगे। प्रदेश से अधिकतम तीन शिक्षकों को ही पुरस्कार के लिए चुना जाना है।
बृहस्पतिवार को सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महानिदेशक (विद्यालयी शिक्षा) कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को अपने कार्यों व उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराना होगा। इसमें शिक्षकों के नवाचारी प्रयोगों, शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए किए गए बदलाव और शिक्षण शैली को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 30 जून तक प्राप्त होने वाले आवेदनों की जांच कर जिला स्तर पर गठित समिति 15 जुलाई तक राज्य समिति को भेज देगी। यहां से 31 जुलाई तक सभी आवेदन राष्ट्रीय समिति को भेज दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर से पहले अधिवर्षता आयु पूर्ण करने वाले शिक्षक पुरस्कार के लिए अर्ह नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि संविदा शिक्षक, शिक्षा मित्र, डायट और एससीईआरटी में कार्यरत शिक्षक इस पुरस्कार के लिए अर्ह नहीं हैं।
--
ऐसे करें आवेदन
शिक्षकों को पुरस्कार के लिए www.mhrd.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यहां एंट्री फॉर्म के साथ ऑनलाइन पोर्टफोलियो जमा कराना होगा। इस पर अभिलेखीय साक्ष्य, गतिविधियों, क्षेत्र भ्रमण के फोटो व ऑडियो-वीडियो अपलोड करने होंगे। साथ ही उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की मौलिकता के संबंध में शपथ-पत्र भी देना होगा।