अफगानिस्तान ने लिया हार का बदला
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
अफगानिस्तान ने रविवार को रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश को हराकर वर्ष 2014 में नौ विकेट से मिली हार का बदला ले लिया। अपने होमग्राउंड में अफगान की टीम ने 45 रनों से जीत हासिल कर हिसाब बराबर कर लिया।
वर्ष 2014 में बांग्लादेश के हाथों पहले टी-20 मैच में पराजित होने के बाद से अफगानिस्तान की टीम के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। राशिद खान, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान समेत कई खिलाड़ी आईपीएल में शानदार खेल दिखा चुके हैं। जिसका फायदा उन्हें टी-20 मैच में मिल रहा है। रविवार को बांग्लादेश के साथ हुए मैच में इसका असर दिखाई दिया। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने क्षेत्ररक्षण, बल्लेबाजी के साथ ही गेंदबाजी में भी विपक्षी टीम को बौना साबित किया। वहीं, दूसरी ओर शफीकउल्लाह को स्मार्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
---
राशिद बने मैन ऑफ द मैच
तीन विकेट लेने वाले अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से अलग-अलग देशों में क्रिकेट खेलने का उन्हें काफी लाभ मिल रहा है। कुछ महीनों से उनका खेल काफी अच्छा चल रहा है। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद आज भी टीम की जीत में योगदान देकर खुश हूं। उन्होंने कहा कि वह खेल का पूरा लुत्फ उठाते हैं। साथ ही उनका पूरा ध्यान फिटनेस पर रहता है। अगर खिलाड़ी फिट है, तभी वह मैदान पर बेहतर प्रदर्शन कर पाता है। उनका कहना है कि अफगानिस्तान की टीम के खेल का स्तर सुधरता जा रहा है। सीनियर और जूनियर खिलाड़ी मिलकर डिस्कस करते हैं, जिसका असर खेल में दिखाई देता है।