ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर को छह सेक्टरों में बांट सेक्टर मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में आउटसोर्स कर्मचारियों से सफाई कराने की प्रशासन योजना हवाई साबित हुई। कई जगहों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट नहीं पहुंचे। हड़ताली सफाई कर्मियों ने पूरे शहर में कूड़ा नहीं उठने दिया। कूड़ा उठाने पहुंचे आउटसोर्स कर्मचारियों का विरोध कर उन्हें बैरंग लौटा दिया।
नगर निगम के सफाई कर्मचारी 22 नवंबर 2016 के शासनादेश के मुताबिक वरिष्ठता के आधार पर मोहल्ला स्वच्छता समिति के 408 सफाई कर्मचारियों का संविदा पदों पर समायोजन की मांग पर विगत छह दिनों से हड़ताल पर है। हड़ताल के चलते पूरे शहर में कूड़े के ढेर लगे हैं, कूड़े की दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल है। सहारनपुर रोड, राजा रोड, जीएमएस रोड, लक्खीबाग, राजीव नगर, कचहरी, दून अस्पताल के बाहर समेत हर जगह कूड़ा सड़क पर बिखरा पड़ा है।
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शुक्रवार को नगर निगम प्रशासक/डीएम एसए मुरुगेशन ने शहर को छह सेक्टरों में बांटा था। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में आउटसोर्स कर्मचारियों से सफाई कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन शनिवार को हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने पूरे शहर में कही भी कूड़े का उठान नहीं होने दिया। हालांकि डोर-टू-डोर कूड़े का उठान कुछ जगहों पर जरूर हुआ। गाड़ियों से कूड़ा उठाने पहुंचे आउटसोर्स कर्मियों का चूना भट्टा, जीएमएस रोड, राजा रोड, सहारनपुर चौक, दून अस्पताल आदि समेत कई स्थानों पर विरोध कर हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने बैरंग लौटा दिया और वाहनों को मौके पर ही रोक दिया। कई जगहों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट नहीं पहुंचे। जबकि जहां मजिस्ट्रेट पहुंचे, वहां उन्हें कर्मचारियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
उधर, नगर निगम में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने शासन और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी कर गुस्सा जताया। इस दौरान संगठन के महामंत्री धीरज भारती, राजेश कुमार, विशाल कुमार, छाया, बबली, सुमन, सरोज, राधा, संजय, पंकज, हरिओम, ओमप्रकाश, संजय काला, रवि कुमार, सुंदरलाल आदि मौजूद रहे।
..............
कूड़ा न उठने से लोगों में आक्रोश
नगर निगम की ओर से कूड़ा उठान न होने से लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों साल में दर्जनों बार अपनी मांग को लेकर हड़ताल पर चले जाते हैं। जिसका खामियाजा पब्लिक को भुगतना पड़ता है। कूड़ा नहीं उठने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका है।
..................
नगर निगम प्रशासक को दी रिपोर्ट
अपर नगर आयुक्त नीरज जोशी और वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने शनिवार को नगर निगम प्रशासक और जिलाधिकारी को गैरहाजिर कर्मचारियों की रिपोर्ट सौंप दी। नो वर्क, नो पे के तहत गैरहाजिर कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जाएगा।
.................
सड़कों पर उतरेंगी महिला सफाई कर्मचारी
मोहल्ला स्वच्छता समिति सफाई कर्मचारियों की मांग के समर्थन में महिला सफाई कर्मी सोमवार से सड़कों पर उतरेंगी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार ने यह एलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासक/जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन समस्या दूर करने के बजाए उनकी मांग की अनदेखी कर रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि महिला सफाई कर्मचारी 50-50 की टोली में निकलेंगी और नगर निगम प्रशासन व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। इस दौरान कहीं भी कूड़ा उठान हुआ तो उसे भी ठप करेंगी। इस दौरान सचिव धीरज भारती भी मौजूद रहे।
..............
भाजपा प्रदेश मंत्री ने की सफाई कर्मियों से वार्ता
देहरादून। भाजपा प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा भी शनिवार को नगर निगम पहुंचे। वह सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे। उन्होंने कर्मचारियों को उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। कहा कि कर्मचारियों की जायज मांग की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों की दिक्कतों को दूर करने के लिए उनसे कूड़ा उठाने की अपील की। उन्होंने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से फोन पर वार्ता की, जिसके बाद देर शाम मीटिंग का आश्वासन मिला। सफाई कर्मचारियों ने वार्ता में समाधान निकलने के बाद ही हड़ताल खत्म करने की बात कही।