ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के मुख्य महाप्रबंधक महक सिंह ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष में दूरसंचार सेवाओं में विस्तार किया गया है। इसके तहत 118 समेत कई नए प्लान शुरू किए गए हैं, जिसमें 28 दिन के लिए एक जीबी डाटा और फ्री व्यक्तिगत कॉलर ट्यून मिलेगा। वह बृहस्पतिवार को घंटाघर के पास स्थित कार्यालय में मीडिया से मुखातिब थे।
उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष 200 से अधिक थ्री-जी और फोर-जी टावर लगाकर सेवाएं दी जाएंगी। उपभोक्ताओं के लिए 118 रुपये का प्लान जारी किया गया है। इसमें किसी भी नेटवर्क पर असीमित वाइस कॉल, एक जीबी डाटा और व्यक्तिगत कॉलर ट्यून 28 दिनों के लिए मिलेगी। केवल वाइस कॉल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 26 दिनों के लिए 99 रुपये का प्लान है। जो उपभोक्ता ज्यादा डाटा इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए 333 और 444 रुपये का प्लान है।
पोस्टपेड उपभोक्ताओं को 399 रुपये में असीमित वाइस कॉल और 30 जीबी डाटा प्रतिमाह दिया जाएगा। लैंडलाइन उपभोक्ताओं के लिए एलएल-99 प्लान जारी किया गया है। इसमें बीएसएनएल के नेटवर्क पर असीमित कॉल कर सकते हैं। लैंडलाइन-49 और ब्रॉडबैंड-249 के प्लान की अवधि 30 जून तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 शहरी समेत 110 क्षेत्रों में हॉट स्पॉट स्थापित कर वाई-फाई सेवा शुरू की गई है। इस वर्ष 60 अन्य स्थानों पर वाई-फाई सेवा दी जाएगी।