दुकानों में छापेमारी कर तंबाकू उत्पाद जब्त किए
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल के नेतृत्व में हनुमान चौक स्थित थोक विक्रेताओं की दो दुकानों में छापेमारी कर सिगरेट और हुक्के में इस्तेमाल में किए जाने वाले तंबाकू उत्पाद जब्त किए। मामले में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ को कुछ दिनों से शहर में बगैर सचित्र चेतावनी के तंबाकू उत्पाद बेचने की शिकायत मिल रही थी। जिसके आधार पर टीम ने हनुमान चौक स्थित दुकानों पर छापा मारा। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि बेची जा रही सिगरेट में सचित्र चेतावनी जारी नहीं थी।
इसके अलावा हुक्के में इस्तेमाल होने वाले तंबाकू उत्पाद भी बगैर सचित्र चेतावनी के धड़ल्ले से बेचे जा रहे थे। प्रकोष्ठ की जिला सलाहकार अर्चना उनियाल ने कहा कि बगैर चेतावनी के तंबाकू उत्पादों को बेचा जाना अवैध है। पकड़े गए तंबाकू उत्पादों को जब्त कर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि दुकानों में अवैध तरीके से बेचे जा रहे तंबाकू उत्पादों को लेकर जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। टीम में डिप्टी सीएमओ एनएचएम डॉ. बीएस जंगपांगी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, रेखा उनियाल, अनुराग, डॉ. रुचिका, रीता पांडे, अनुराग उनियाल शामिल रहे।