अमर/ब्यूरो उजाला, देहरादून
उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की क्षेत्रीय कार्यकारिणी की सोमवार को आयोजित बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने मंडलीय प्रबंधक (संचालन) पर कर्मचारियों के मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रबंधन की मनमानी के विरोध और मांगों के समर्थन में ग्रामीण डिपो देहरादून के कर्मचारी 28 फरवरी को कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके बाद भी लंबित मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो दूसरे चरण में देहरादून डिपो और कार्यशालाओं के कर्मचारी भी कार्य बहिष्कार करेंगे।
उन्होंने कहा कि 26 साल की सेवा कर चुके कर्मचारियों को तृतीय एसीपी का लाभ देने, निगम के पटलों में कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नति समेत चार मांगों के समर्थन में कर्मचारी कई बार प्रबंधन से वार्ता कर चुके हैं। यूनियन ने निगम प्रबंधन को 26 फरवरी तक अल्टीमेटम दिया था। अध्यक्ष ने कहा कि प्रबंधन ने सुनवाई नहीं की, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। क्षेत्रीय मंत्री हरि सिंह ने कहा कि 28 फरवरी को ग्रामीण डिपो के कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। इससे पूर्व आईएसबीटी पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी प्रबंधन नहीं चेता तो देहरादून डिपो और कार्यशालाओं के कर्मचारी कार्य बहिष्कार को बाध्य होंगे। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री रवि पचौरी समेत देवपाल, सुभाष मलिक, रवि नंदन, सुनील कुमार, अजय, राजू गोस्वामी, पंकज जौहर आदि कर्मचारी मौजूद थे।