ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर के न्यायालयों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिनमें 1599 मामलों का निस्तारण किया गया। जुर्माने के रूप में 7,68,580 रुपये की धनराशि वसूल की गई। जबकि 2,08,31,960 रुपये प्रतिकर के रूप में दिलाए गए। ज्यादातर मामले सड़क दुर्घटना क्लेम, सिविल व पारिवारिक मामले और चैक बाउंस से संबंधित रहे।
सिविल जज सीनियर डिवीजन/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि लोक अदालत में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मामलों की सुनवाई हुई। लोक अदालत में संदर्भित मामलों के निस्तारण के लिए 25 पीठों का गठन किया था। बताया कि 1599 मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 768580 रुपये धनराशि जुर्माने के रूप में वसूले गए। वहीं, 2,08,31,960 रुपये धनराशि प्रतिकर के रूप में दिलाई गई। लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर के बैंक रिकवरी के मामले निस्तारित किए गए। ऐसे 1023 मामलों में से 65 का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर किया गया। उन्होंने बताया कि लोक अदालत जल्द न्याय पाने का प्रभावी माध्यम है। बताया कि आगामी 23 मार्च को देहरादून की सभी न्यायालयों में लोक अदालत लगाई जाएगी।