ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
मदरसा बोर्ड कार्यालय में आयोजित मान्यता समिति की बैठक में मदरसों के मानकों में सुधार पर मंथन किया गया। इसके साथ ही मदरसों में आधार कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने, रामनगर बोर्ड के पैटर्न पर मदरसा बोर्ड की परीक्षा और परिणाम घोषित कराने समेत कई सुझाव दिए गए। ये सुझाव इसी माह होने वाली मदरसा बोर्ड की बैठक में रखे जाएंगे।
बृहस्पतिवार को भगत सिंह कॉलोनी स्थित कार्यालय में मान्यता और वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई। वित्त समिति की बैठक में बजट और खर्च से संबंधित मसलों पर चर्चा की गई। वहीं, मान्यता समिति की बैठक में सदस्यों ने कई सुझाव दिए। शिक्षा विभाग से जिस मदरसे को मान्यता है, वह मदरसा बोर्ड से मान्यता चाह रहा है, उस पर क्या निर्णय लिया जाए। इस पर स्थिति स्पष्ट करने का सुझाव दिया गया। मदरसे में पढ़ने वाले छात्रों का आधार कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने, मदरसा बोर्ड की परीक्षा रामनगर बोर्ड के पैटर्न पर कराने, मदरसा प्रबंधन के एक शिक्षक को हटाकर दूसरे को नियुक्त करने की सूचना बोर्ड को देने का सुझाव भी दिया गया।
मान्यता समिति के अध्यक्ष मौलाना आरिफ ने बताया कि यह सभी सुझाव इसी माह होने वाली मदरसा बोर्ड की बैठक में रखे जाएंगे। बोर्ड बैठक में ही इस सुझावों पर अंतिम निर्णय होगा। इस दौरान मदरसा बोर्ड के डिप्टी रजिस्ट्रार अखलाक अहमद, मौलाना उवैस, हाफिज मो. शाहनजर आदि मौजूद रहे।
मान्यता के लिए आए 118 आवेदन
मदरसा बोर्ड से मान्यता के लिए 118 मदरसा संचालकों ने आवेदन किया है। इन आवेदनों का मदरसा मान्यता समिति परीक्षण करेगी। उसके बाद मदरसा बोर्ड की बैठक में मान्यता पर निर्णय लिया जाएगा।