ट्रैक्टर खाई में गिरने से इकलौते बेटे की मौत, दो घायल
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
यमकेश्वर प्रखंड में बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे बिथ्याणी तहसील के समीप नीलकंठ की तरफ जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपने घर के इकलौता पुत्र था। वहीं हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो युवक घायल हुए हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक लक्ष्मणझूला-कांडी-दुगड्डा नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे नीलकंठ क्षेत्र में सड़क निर्माण स्थल के लिए आ रहा एक ट्रैक्टर बिथ्याणी तहसील के पास खाई में गिर गया। ट्रैक्टर पर जॉनी कुमार (20) पुत्र शेर सिंह और मनव्वर (20) पुत्र नानू दोनों निवासी खतौली, जिला मुजफ्फरनगर, यूपी व चालक आसिफ (28) पुत्र शब्बीर निवासी भाडूहेड़ी, थानाभवन, शामली यूपी सवार थे। हादसे में जॉनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों और जॉनी के शव को खाई से बाहर निकाला और एसपीएस राजकीय चिकित्सालय भिजवाया। बाद में उपनिरीक्षक दीपक गैरोला अस्पताल पहुंचे और जॉनी के शव का पंचनामा भरा। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय भारती ने बताया कि ट्रैक्टर सवार लोग नीलकंठ क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। जॉनी अपने घर का इकलौता बेटा था। हादसे के बाबत राजस्व पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।