रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के बच्छणस्यूं पट्टी के मरगांव, कलेथ, पणधारा सहित 10 से अधिक गांवों के लिए स्वीकृत खांकरा-दैजीमांडा-पौड़ीखाल मोटर मार्ग निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। ब्लाक प्रमुख जगमोहन सिंह रौथाण के नेतृत्व में डीएम से मिले प्रतिनिधिमंडल ने मार्ग का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि 90 के दशक में पांच किमी मोटर मार्ग को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन तब से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में ग्रामीणों को कई मील पैदल नापना पड़ रहा है। सड़क न होने से एक किलो चीनी से लेकर बुखार की दवा के लिए भी तीन किमी पैदल चलकर खेड़ाखाल या खांकरा जाना पड़ता है। सिलेंडर से लेकर शादी व अन्य सामाजिक और अन्य कार्यों के लिए राशन व अन्य सामग्री 200 रुपये भाड़ा देकर गांव तक पहुंचाते हैं। प्रतिनिधिमंडल में पुष्कर सिंह, दरमान सिंह, मोहन सिंह, राजेश सिंह, गजपाल सिंह आदि शामिल थे। डीएम घिल्डियाल ने बताया कि संबंधित विभाग से मार्ग के बारे में पूरी जानकारी ले कर जल्द सर्वेक्षण व निर्माण की कार्रवाई को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।