धुमाकोट। राज्य वित्त निधि में 60 फीसदी कटौती से ग्राम प्रधान भड़के हुए हैं। मंगलवार को नैनीडांडा ग्राम प्रधान संगठन ने विकासखंड मुख्यालय पर तालाबंदी कर विरोध दर्ज कराया। कहा कि राज्य वित्त निधि का ग्राम पंचायतों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसकी कटौती से कई कार्य प्रभावित होंगे।
मंगलवार को ग्राम प्रधान संगठन नैनीडांडा के अध्यक्ष ललित पटवाल के नेतृत्व में विकासखंड के ग्राम प्रधान ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्र हुए। यहां उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रदर्शन के साथ ही ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध दर्ज कराया। प्रधान संगठन के अध्यक्ष ललित पटवाल ने इस मौके पर राज्य वित्त की निधि पूर्ववत करने, मासिक मानदेय 750 से बढ़ाकर 5000 रुपये करने की मांग की। कहा कि जल्द ही ग्राम प्रधान संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन छेड़ेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान सावित्री देवी, रेखा देवी, हीरा देवी, सुशीला देवी, जगमोहन सिंह व महीपाल सिंह समेत कई ग्राम प्रधान मौजूद थे।