चंबा (टिहरी)। स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल के बीए चतुर्थ सेमेस्टर स्किल कोर्स की परीक्षा से वंचित छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। एक माह गुजरने के बाद भी विवि दोबारा से परीक्षा की तिथि घोषित नहीं कर पाया है।
एचएनबी गढ़वाल विवि छात्रों के भविष्य को लेकर संजीदा नजर नहीं आ रहा है। एसआरटी परिसर के बीए चतुर्थ सेमेस्टर की स्कील कोर्स के हिंदी, अंग्रेजी और राजनीति शास्त्र की परीक्षा 31 मई को होनी थी। जब प्रश्नपत्र परीक्षार्थियों को बांटा गया, तो पता चला कि गलत प्रश्न पत्र आ गया है। ऐसे में छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए। मगर अब एक माह गुजरने के बाद अभी तक दोबारा से परीक्षा आयोजित नहीं हो पाई है, जिससे छात्रों को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है। छात्र नेता अक्षत बिजल्वाण, सुशील रावत, अमन सिंह का कहना है कि विवि इस साल समय पर परीक्षाफल जारी करने का वादा कर रहा है, लेकिन विवि की गलती के कारण स्कील कोर्स की परीक्षा से छूटे परीक्षार्थियों की अभी तक दोबारा से परीक्षाएं नहीं कराई जा सकी है। निदेशक प्रो. आरसी रमोला का कहना है कि मामले की जानकारी विवि को दे दी गई थी। उम्मीद है कि जल्द ही परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी।