रुद्रप्रयाग। यात्रियों की संख्या में कमी होने पर हेली कंपनियों ने भी अपनी सेवाएं समेटनी शुरू कर दी हैं। धाम क्षेत्र में पिछले एक हफ्ते में 8 हेली कंपनियां लौट गई हैं। अब सिर्फ 5 कंपनियां ही गुप्तकाशी और अन्य हेलीपैडों से धाम के लिए सेवाएं दे रहे हैं।
3 मई से शुरू हुई केदारनाथ यात्रा में 9 से 11 मई के बीच 13 हेली कंपनियों ने गुप्तकाशी, नारायणकोटी, मैखंडा, चारधाम, शेरसी और फाटा से धाम के लिए अपनी सेवाएं शुरू की थी। 20 जून तक हेलीकॉप्टर से 58,202 श्रद्धालु धाम पहुंचे, जबकि 46,289 दर्शन कर हेलीकॉप्टरों से वापस गए। इस दौरान प्रतिदिन एक हेलीकॉप्टर ने औसतन 241 से 260 शट्ल दीं। जून प्रथम सप्ताह तक हवाई सेवा को लेकर काफी मारामारी देखने को मिली, लेकिन 15 जून के बाद से यात्रा में कमी आने के साथ हवाई सेवा भी धीमी पड़ने लगी। इसके चलते 20 जून से हवाई कंपनियों ने बोरिया बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। अब तक पिनेकल एविएशन, प्रीमियर, ट्रांस भारत, यूटिएयर, इंडोकॉप्टर, ग्लोबल वेक्ट्रा, सुमित देवभूमि और सार एविएशन ने अपना बोरिया बिस्तर समेट लिया है। अब सिर्फ हिमालयन, पवन हंस, ऐरो एयर क्राफ्ट, हेरिटेज और आर्यन एविएशन के हेलीकॉप्टर केदारनाथ के लिए उड़ान भर रहे हैं।
कोट
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल
यात्रा में कमी आने के कारण हेली कंपनियां लौटने लगी हैं। जो कंपनियां वापस गई हैं, उसमें दो 29 जून को फिर वापस आएंगी। -मंगेश घिल्डियाल, डीएम रुद्रप्रयाग