डेंगू के सात नए मामले सामने आने के बाद पॉजिटिव मरीजों की संख्या 91 तक पहुंच गई है। शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 54 लोगों के सैंपल लिए। वहीं, डेंगू के मामले सामने आने के करीब एक हफ्ते बाद क्षेत्र में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और पथरीबाग विधायक व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को लोगों का विरोध का सामना करना पड़ा।
पथरीबाग क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों कुल 51 लोगों के सैंपल लिए गए थे, शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सात मामले पॉजिटिव मिले। प्रभारी सीएमओ डॉ. वाईएस थपलियाल ने बताया कि राजधानी में डेंगू के पॉजिटिव मामलों की संख्या 91 पहुंच गई है। सभी मामले पथरीबाग क्षेत्र में ही सामने आए हैं।
शुक्रवार को भी लिए सैंपल
शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 54 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए। दूसरी ओर, स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने स्वास्थ्य महानिदेशक और प्रभारी सीएमओ को रोजाना क्षेत्र में कैंप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्र में डेंगू का एक भी मरीज होगा, विभागीय टीम लगातार नजर रखेगी।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो मरीजों को छोड़कर अन्य सभी को छुट्टी दे दी गई है। अब एक पॉजिटिव और एक नेगेटिव मरीज भर्ती है। नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण पंवार मरीजों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।