सात दिनों के भीतर पुलिस ने तीर्थों की मर्यादा भंग करने के आरोप में 67 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दरम्यान 2703 लोगों के चालान किए गए। इनसे सात लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। बता दें कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर इस बार ऑपरेशन मर्यादा 29 अप्रैल को शुरू किया गया था।
उत्तराखंड पुलिस ने दो साल पहले ऑपरेशन मर्यादा शुरू किया था। इसके तहत तीर्थों और इसके आसपास अमर्यादित व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई की जाती है। पिछले दिनों चारधाम यात्रा मार्ग पर हरियाणा के कुछ युवक हुक्का गुड़गुड़ाते मिले थे। इनका एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। हालांकि, अभी तक वीडियो में दिख रहे युवाओं का पता नहीं चल सका है।
इसकी जांच रुद्रप्रयाग पुलिस कर रही है। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि ऑपरेशन मर्यादा के तहत पर्यटक स्थलों पर भी कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोग कूड़ा फैलाते हैं तो कुछ शराब पीकर हुड़दंग करते हैं। लोगों में भय फैलाते हैं। इसी बात को देखते हुए 29 अप्रैल को ऑपरेशन मर्यादा के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी।
ये भी पढ़ें...King Charles: कभी दून में किसान बनकर चार्ल्स ने खेत में बोए थे बीज, सुरक्षा कारणों से ये इच्छा रह गई थी अधूरी
अब तक 67 लोगों को पूरे प्रदेश में गिरफ्तार किया जा चुका है। ज्यादातर मामले शराब पीकर हुड़दंग करने से संबंधित हैं। ऑपरेशन मर्यादा को जिला पुलिस कप्तान के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।