-मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश
-कर चोरी पर नियंत्रण के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल करें
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 24,015 करोड़ राजस्व लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 62 प्रतिशत राजस्व प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को राजस्व वसूली बढ़ाने व आगामी अवधि में लक्ष्य की शतप्रतिशत पूर्ति के लिए समन्वित और सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री धामी ने राजस्व प्राप्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व वसूली बढ़ाने पर विशेष ध्यान देते निर्धारित लक्ष्य समय पूरे किए जाएं। विभागों के उच्चाधिकारी व जिलाधिकारियों इसकी नियमित निगरानी करें। कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एआई आधारित तकनीक का अधिकतम इस्तेमाल किया जाए। निबंधन एवं रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी कार्यों का डिजिटलाइजेशन किया जाए। सब रजिस्ट्रार कार्यालयों का जिलाधिकारियों एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण करें। रजिस्ट्री के दौरान संपत्ति का उचित मूल्य दर्ज हो, इसकी जांच के लिए संपतियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया जा जाए। तराई क्षेत्रों में व्यावसायिक पौधरोपण व जड़ी बूटियों के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए ठोस योजना बनाई जाए।
सीएम ने कहा राज्य के समग्र विकास के लिए राजस्व में बढ़ोतरी करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खनन सुधारों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को 200 करोड़ की केंद्रीय प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है, जो राज्य के सही दिशा में बढ़ने का परिचायक है। राज्य सरकार दीर्घकालिक आर्थिक सुदृढ़ता के लिए पूंजीगत निवेश पर विशेष बल दे रही है। पूंजीगत व्यय में 34 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, सचिव दिलीप जावलकर, युगल किशोर पंत, सी. रविशंकर, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. रंजन कुमार मिश्रा, अपर सचिव अहमद इकबाल, राज्य कर आयुक्त सोनिका, अपर सचिव हिमांशु खुराना, अनुराधा पाल, डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, मनमोहन मैनाली समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।