ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम के 60 वार्डों में आवासीय और व्यावसायिक कर नए सिरे से निर्धारित होंगे। इसके लिए 14 कर निरीक्षकों को वार्डों के सर्वे की जिम्मेदारी दी गई है। कर निरीक्षक आवासीय और व्यावसायिक भवनों का आंकड़ा जुटाएंगे। सर्वे कार्य के लिए नगर आयुक्त ने कर निरीक्षकों को 15 दिन का समय दिया है।
नगर निगम क्षेत्र में मौजूदा समय में 65 हजार आवासीय तथा 10 हजार व्यावसायिक कर दाता हैं। बीते कई वर्षों में शहर की आबादी काफी तेजी से बढ़ी है। कई कर दाता ऐसे हैं, जिन्होंने लंबे समय से अपना भवन कर जमा नहीं कराया है। इसे देखते हुए नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को कर अधीक्षक व कर निरीक्षकों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने 14 कर निरीक्षकों को पुराने 60 वार्डों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 दिन के भीतर पूरा आंकड़ा उपलब्ध कराने को कहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि सर्वे के बाद करदाताओं की संख्या एक लाख 40 हजार के ऊपर पहुंच जाएगी। इससे निगम के मौजूदा 25 करोड़ रुपये का लक्ष्य न केवल आसानी से पूरा होगा, बल्कि 35 से 40 करोड़ का राजस्व मिलने की उम्मीद है। जो भी राजस्व मिलेगा, उससे विकास कार्य कराने में सहूलियत मिलेगी।
---
नए वार्डों का भी होगा सर्वे
नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि पुराने वार्डों में सर्वे के बाद नए वार्डों में भी भवन कर को लेकर सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान मकान मालिक का नाम, संपत्ति का विवरण समेत अन्य जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभी नए 40 वार्डों में 10 साल तक भवन कर छूट का शासनादेश नहीं आया है। ऐसे में सर्वे कराना जरूरी है। इससे वहां आवासीय और व्यावसायिक भवनों की जानकारी मिल सके। सर्वे के बाद काफी संख्या में नए कर दाता जुड़ेंगे, जिससे निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।