नौगांव। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भाजपाइयों की ओर से की गई तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर रोष जताया। ब्लॉक अध्यक्ष राम प्रसाद के नेतृत्व में एकत्र हुए कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने कहा कि राफेल घोटाले के विरोध में उठ रही आवाजों को दबाने के लिए अब भाजपा सरकार दबंगई का सहारा लेने लगी है, लेकिन कांग्रेस पार्टी बिना किसी डर के जनता व राष्ट्रहित के लिए आवाज उठाती रहेगी। सरकार की गलत नीतियों से त्रस्त जनता आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा को करारा जवाब देगी। प्रदर्शन करने वालों में दयाचंद रमोला, दीवान असवाल, राजेश रावत, अनिल कुमार, अनुज रावत, कुलदीप चौहान, चैन सिंह और अजय रावत आदि शामिल रहे।