ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा महानगर की कोर कमेटी ने बुधवार को मेयर और पार्षद के दावेदारों के नामों पर चर्चा की। ओर जिला की कोर कमेटी ने विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला और मसूरी के मेयर, पालिकाध्यक्ष, पार्षद और सभासद दावेदारों को करीब-करीब फाइनल कर दिया है। हालांकि किसी भी प्रत्याशी के नाम को सार्वजनिक नहीं किया गया है। नगर निगम ऋषिकेश के दावेदारों के नामों पर बृहस्पतिवार को मंथन किया जाएगा।
परेड ग्राउंड स्थित महानगर कार्यालय में बुधवार सुबह हुई बैठक में धर्मपुर, राजपुर, कैंट, रायपुर के विधायकों के साथ ही महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने दावेदारों की सूची पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि एक वार्ड से पांच-पांच दावेदारों के आवेदन पहुंचे हैं। ऐसे में प्रत्याशी का चयन करना काफी कठिन है। उधर, जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, मुख्यमंत्री के ओएसडी धीरेंद्र सिंह पवार, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित रोहिला, मसूरी विधायक गणेश जोशी ने दावेदारों के नामों पर चर्चा की। पुंडीर ने बताया कि ऋषिकेश को छोड़कर विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला और मसूरी के प्रत्याशी लगभग फाइनल हो गए हैं। कल ऋषिकेश के दावेदारों के नाम पर चर्चा के बाद एक से दो दिन में फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी।