जिलों में होगा खिलाड़ियों का सम्मान
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। खेल दिवस के मौके पर सरकार वर्षभर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी। इसके लिए प्रत्येक जिले में 29 अगस्त को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
पिछले वर्ष खेल दिवस पर राज्य सरकार ने राजधानी में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर खिलाड़ियों को सम्मानित किया था। विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता और उप विजेता बनने पर धनराशि प्रदान की जाती है। पिछले वर्ष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एकता बिष्ट और मानसी जोशी समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया था।
विभागीय सूत्रों के अनुसार पहले इस वर्ष भी राज्य स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की योजना थी। हालांकि बाद में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी है। इसमें स्थानीय विधायक खिलाड़ियों को सम्मानित कर पुरस्कार राशि के चेक सौंपेंगे। खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने इसकी पुष्टि की है।