ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
परिवहन विभाग के बस चालक शायद पौड़ी के धुमाकोट बस हादसे से सबक लेने को तैयार नहीं है। हादसे में 48 यात्रियों की मौत और 13 यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद रोडवेज बस चालक मनमानी रफ्तार से पहाड़ में बस दौड़ा रहे हैं। इसका खुलासा मंगलवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल होने के बाद हुआ है। इसका संज्ञान लेकर परिवहन निगम महाप्रबंधक दीपक जैन ने प्रकरण की जांच करने का आदेश जारी किया है।
घटनाक्रम के मुताबिक परिवहन निगम की एक बस मंगलवार को देवप्रयाग से श्रीनगर जा रही थी। इसी बीच बस के पीछे चल रहे एक कार चालक ने खतरनाक सड़क पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा से भी अधिक की गति से चल रही बस का वीडियो बनाया। इसके बाद कार चालक ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में यात्रियों से भरी बस काफी तेज चलने के साथ खतरनाक तरीके से ओवरटेक भी करती दिखाई दे रही है। महाप्रबंधक दीपक जैन ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि चालक के गाड़ी लेकर लौटने के बाद प्रकरण की जांच करायी जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ निलंबन की भी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों दिल्ली जा रही बस के एक यात्री ने मुख्यमंत्री के मोबाइल एप पर निगम की बस की ओवर स्पीडिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद महाप्रबंधक की ओर से आदेश जारी किए गए थे, लेकिन महाप्रबंधक के आदेशों का बस चालकों का कोई असर नहीं दिख रहा है।