ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
कासिगा स्कूल में खेली जा रही प्रथम मयवंती बत्ता स्मृति अखिल भारतीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में गोवा ने हरियाणा को सात रन और हिमाचल प्रदेश ने चंडीगढ़ को 76 रन से हराया।
शनिवार को पहले मुकाबले में गोवा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.2 ओवर में 78 रन पर ढेर हो गई। निशा ने 17, उत्कर्षी ने 14, सरिता व पूजा ने 10-10 रन की पारी खेली। हरियाणा की सीमा गौड़ ने चार, वर्षा व श्रुति ने तीन-तीन विकेट झटके। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम गोवा की पायल की घातक गेंदबाजी के आगे निर्धारित ओवर में छह विकेट खोकर 71 रन ही बना सकी। नितिका ने सर्वाधिक 30 व दीपिका ने 19 रन बनाए। गोवा के लिए पायल ने पांच विकेट झटके।
दूसरे मुकाबले में हिमाचल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। नेहा ने 47 और नेहा कौशिक ने 30 रनों का अहम योगदान दिया। चंडीगढ़ के लिए रितिका व कोमल ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम धीमी शुरुआत के चलते निर्धारित ओवर में छह विकेट खोकर 61 रन ही बना सकी। कोमल ने 21 व रितु भाटी ने 10 रन का योगदान दिया। हिमाचल के लिए नेहा कौशिक व प्रीत ने दो-दो विकेट चटकाए।