अब ड्यूटी से बंक नहीं मार पाएंगे कर्मचारी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
फिल्ड में तैनात नगर निगम के कर्मचारी अब ड्यूटी से बंक नहीं मार पाएंगे। अब उनकी बायोमीट्रिक मशीन के स्थान पर फेस रीडिंग के जरिये हाजिरी लगेगी। हाजिरी के दौरान कर्मचारियों की लोकेशन भी एप में सेव हो जाएगी। ऐसे में वह अधिकारियों को गुमराह नहीं कर सकेंगे।
पिछले महीने नगर आयुक्त ने कार्यालय और नगर का निरीक्षण किया था। इस उन्हें दौरान 35 कर्मचारी नदारद मिले थे। इसके अलावा बायोमीट्रिक मशीन के जरिये अधिकतर कर्मचारी उपस्थिति भी दर्ज नहीं करा रहे थे। खासकर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी नहीं लग रही थी।
कर्मचारियों का तर्क था कि सफाई कार्य करने से उनकी अंगुलियों के निशान घिस गए हैं, जिस कारण बायोमीट्रिक मशीन से उनकी हाजिरी नहीं लग पा रही है। इसके बाद नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने फेस रीडिंग के जरिये कर्मचारियों की हाजिरी लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बंगलूरू की एक कंपनी अगले सप्ताह से ट्रायल शुरू करेगी। पहले कर्मचारियों के फोटो लिए जाएंगे, जिन्हें कंपनी के बनाए एप से कनेक्ट किया जाएगा। इसके जरिये सफाई कर्मचारी जिस भी लोकेशन से अपनी हाजिरी लगाएंगे, वह एप में सेव हो जाएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि ट्रायल के बाद इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
बता दें कि नगर निगम में पहले रजिस्टर में साइन कर हाजिरी लगती थी, जिसमें कर्मचारी गोलमाल कर देते थे। जिसे रोकने के लिए बायोमीट्रिक मशीन लगाई गई थी। बायोमीट्रिक मशीन में कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारी तो हाजिरी लगाते हैं लेकिन फिल्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए यह व्यवस्था सफल नहीं हो पा रही थी। इसी में कर्मचारी ‘खेल’ कर रहे हैं, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।