ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में खेली जा रही जूनियर क्रिकेट लीग में शनिवार को बारु इलेवन ने बलूनी चैलेंजर्स को 142 रन और आरआर पाल क्रिकेट एकेडमी (आरआरपीसीए) ने माइटी क्लब को छह विकेट से शिकस्त दी।
माईटी क्रिकेट एकेडमी की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 29 ओवर में 117 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गुरमन ने 30, अविरल ने 16 और शौर्य श्रीवास्तव ने 18 रन बनाए। आरआरपीसीए के अंकुश, फरहान, शिवांग, अयान और अविरल ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी आरआरपीसीए ने 24 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। आशीष ने नाबाद 66 और अविरल ने 18 रन बनाए। माइटी के शौर्य, निखिल कुमार और अदस ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरे मुकाबले में बारु स्पोर्ट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में सभी विकेट खोकर 220 रन बनाए। सचिन सती ने सबसे अधिक 56, समर्थ ने 31, आयुष ने 22 और युवराज व निखिल ने 20-20 रन बनाए। बलूनी चैलेंजर्स के सूरज, विपुल व ज्ञानित ने दो-दो विकेट चटकाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलूनी चैलेंजर्स की पूरी टीम 29.3 ओवर में 78 रनों पर ढेर हो गई। सबसे ज्यादा 40 अतिरिक्त रनों का योगदान रहा। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई की संख्या तक नहीं पहुंच सका। बारु के सचिन ने पांच और सक्षम ने दो विकेट लिए।