ब्यूरो/अमर उजाला /देहरादून।
युवाओं को कौशल विकास के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश में वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता का आयोजन 15 मार्च को दून में होगा। प्रतियोगिता में होटल मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग समेत एक दर्जन ट्रेड से जुड़े युवाओं को हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। विजयी प्रतिभागियों को रूस मेें होने वाली स्किल ओलंपिक में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कौशल विकास समिति की नोडल अफसर चंद्रकांता ने बताया कि समिति की ओर से वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार राज्य स्तर पर 15 मार्च को किया जाएगा। इस बाबत नेशनल स्किल डेवलेपमेंट कॉरपोरेशन के विशेषज्ञ विभिन्न कॉलेजों में प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए आवेदन मार्च के प्रथम सप्ताह से शुरू होंगे। प्रतियोगिता में 21 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकते है। इच्छुक युवा सेवायोजन विभाग से जानकारी ले सकते हैं।
इन ट्रेडों में होगी प्रतियोगिता
कार पेंटिंग, केड, मोबाइल रोबोटिक, वेल्डिंग, कुकिंग, ऑटो बॉडी रिपेयर, ब्यूटी थेरेपी, हेयर डिजाइन, रेस्टोरेंट सर्विस, मेकाट्रॉनिक्स।