ब्यूरो/डोईवाला। तीन दिनों से आसमान में घूम रहे वायुसेना के दो विमानों ने शनिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। सेना के दो लड़ाकू विमान दिन भर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर खड़े रहे। लड़ाकू विमानों की आवाजाही से लोग खासे रोमांचित रहे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर शुक्रवार के दिन आखिरकार सेना के दो लड़ाकू विमानों ने सफलतापूर्वक लैंडिंग कर ली। बीते बृहस्पतिवार से लगातार जौलीग्रांट एयरपोर्ट के ऊपर सेना के लड़ाकू विमान सुखोई उड़ान भरते नजर आ रहे थे। बीते रोज तो विमान एयरपोर्ट के रन-वे पर नीचे तक आ जाने के बाद फिर ऊपर चले गए थे। शुक्रवार के दिन दोपहर 12 बजे के आसपास एक बार फिर से लड़ाकू विमानों की आवाजाही देखने को मिली।
शनिवार को अचानक तेज गड़गड़ाहट के बीच दोनों लड़ाकू विमानों ने अचानक जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर ली। एयरपोर्ट पर दोनों सुखोई-30 विमान एनटीआरओ के पास खड़े कर दिए गए है। इस दौरान रनवे पूरी तरह से खाली रखा गया था। सूत्रों की माने तो आने वाले दिनों में वायुसेना के यह विमान जौलीग्रांट एयरपोर्ट से चीन सीमा तक उड़ान का अभ्यास शुरू करेंगे। मामला सेना से जुड़ा होने के चलते कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को दो सुखोई विमानों ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की है।