सुषमा, बबीता और रीना चुनी गईं मिसेज घुघती
महिलाओं को प्रतिभा दिखाने के अवसर की जरूरत-बीना शर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर।
हरबर्टपुर में उत्तराखंड घुघती क्लब की महिला विंग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सुषमा गुप्ता को मिसेज घुघती चुना गया। बबीता शर्मा और रीना दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। नगर पंचायत अध्यक्ष बीना शर्मा द्वारा उन्हें ताज पहनाया गया है। अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। सिर्फ उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिए जाने की जरूरत है।
विकासनगर रोड स्थित कार्यक्रम में महिलाओं ने लोक संस्कृति की छंटा बिखेरी। गढ़वाली, कुमाऊंनी, पंजाबी और हिंदी गीतों पर प्रस्तुति दी। मिसेज घुघती बनने की चाह रखने वाली महिलाआें से निर्णायक मंडल द्वारा उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े सवाल किए गए। सवालाें का जवाब देने में अव्वल रही सुषमा शर्मा को मिसेज घुघुती का खिताब दिया गया। बबीता शर्मा और रीना को मिसेज घुघती द्वितीय और मिसेज घुघती तृतीय चुनाया गया। स्कूल की छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। हरबर्टपुर नगर पंचायत अध्यक्ष बीना शर्मा ने कहा कि क्लब द्वारा महिलाआें के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। घुघती क्लब से जुडे़ बीपी बडथ्वाल ने कहा कि क्लब का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को स्वावलंबी बनाना है। संस्था क्षेत्र में महिलाओं के नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खुलवाएगी। कार्यक्रम संयोजक गीता शर्मा, मघु रावत, ऋतु, मंजू, ममता भंडारी, रीमा आदि मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन करुणा रावत ने किया।