ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून ठेकेदार कल्याण समिति के नेतृत्व में ठेकेदारों ने शनिवार को शहर में चल रहे कार्य बंद करा कर विरोध प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने विभिन्न आठ सूत्री मांगें जल्द पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। वहीं, दूसरी ओर यमुना कॉलोनी स्थित लोनिवि कार्यालय पर ठेकेदारों का धरना जारी रहा।
देहरादून ठेकेदार कल्याण समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह पुंडीर व महासचिव राजेंद्र सिंह कुंवर के नेतृत्व में ठेकेदारोें ने शनिवार को महाराजा अग्रसेन चौक, शिमला बाईपास, झाझरा, प्रेमनगर आदि स्थानों पर चल रहे कार्य बंद कराए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वार्ता के बाद भी सरकार मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। जल्द ही मांगों को लेकर कोई कार्रवाई न हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस बाबत रविवार को बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी। इस मौके पर प्रेम पंवार, चंदन असवाल, योगेश, तेजवीर, नवनीत गुप्ता, हरि शर्मा, यूसुफ, बलबीर सिंह, रणबीर सिंह, फतेह सिंह, महेंद्र नेगी, भूपेंद्र थापली, सुरेश, सुरेंद्र, राजेश बलूनी आदि मौजूद रहे।