ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने नगर निगम के स्वच्छ देहरादून: देहरादून म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन एप पर आने वाली शिकायतों को 24 घंटे में दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आईटी विभाग को रोजाना इसकी रिपोर्ट देने को कहा है।
नगर आयुक्त ने एप पर आने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई। सोमवार को उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि वर्तमान में रोजाना 15-20 शिकायतें एप पर आती हैं। लेकिन निस्तारण केवल 7-8 का ही होता है, जो चिंताजनक है। उन्होंने आईटी विभाग के मनीष पंत को एप में रोजाना आने वाली शिकायतों और उसके निस्तारण की रिपोर्ट देने को कहा।