एसडीओ ने अधिशासी अभियंता का सिर फोड़ा
ब्यूरो/अमर उजाल/विकासनगर।
उत्तराखंड जल विद्युत निगम में तैनात एसडीओ ने अधिशासी अभियंता का सिर फोड़ दिया। अधिशासी अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी एसडीओ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी घर से भागा हुआ है। वहीं पीड़ित अधिशासी अभियंता का आरोप है कि पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज नहीं किया है। इसके अलावा अभी तक उच्चाधिकारियों द्वारा घटना का संज्ञान न लिए जाने पर अफसोस जताया है।
तहरीर के अनुसार इछाड़ी डैम में तैनात अधिशासी अभियंता मोहम्मद अफजाल पुत्र मजहर हसन निवासी टौंस कॉलोनी डाकपत्थर का आरोप है कि रविवार रात करीब 9:30 बजे घर के बाहर कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। इसे देखने के लिए जब वे बाहर निकले तो पड़ोस में रहने वाले एसडीओ यशपाल सिंह महर पुत्र अबर सिंह को कार पर पत्थर बरसाते देखा। कार के आगे और पीछे के शीशे टूट चुके थे। कार में तोड़फोड़ का विरोध करने पर यशपाल सिंह ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच यशपाल सिंह ने एक पत्थर उनके सिर पर मार दी और भाग गया। पत्थर के वार से अधिशासी अभियंता मोहम्मद अफजाल लहूलुहान हो गए। इसकी जानकारी परिजनों और पड़ोसियों को हुई तो वे घायल मोहम्मद अफजाल को सीएचसी विकासनगर ले गए। जहां उनके सिर में चार टांके लगाने पड़े। मंगलवार को सिटी स्कैन कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता मोहम्मद अफजाल का कहना है कि गंभीर चोटों के बावजूद पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज किया है। चौकी प्रभारी शमशेर अली ने बताया कि आरोपी एसडीओ डाकपत्थर बैराज के कंट्रोल रूम में तैनात है और घर से भागा हुआ है। फिलहाल प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं लगाई गई हैं, विवेचना के तत्थों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।