श्रीनगर। गढ़वाल विवि के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के एक गुट ने बांह में काला फीता बांध विरोध जताया। इन कर्मचारियों का आरोप था कि शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने इस संबंध में कुलसचिव को ज्ञापन भी भेजा है।
गढ़वाल विवि के शिक्षणेत्तर कर्मचारी मनोज रतूड़ी, नरेश खंडूड़ी व संतोष ममगाईं ने बांह में काला फीता बांध कर विरोध जताया। इन कर्मचारियों का कहना था कि पिछले नौ वर्षों से रेशनलाइजेशन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। नरेश खंडूड़ी ने कहा कि विवि कार्य परिषद में सीआरआर (कैडर रिक्रूटमेंट रूल्स) को पारित कर दिया है। विवि प्रशासन 15 दिन के भीतर सभी संवर्गों में 15 दिन के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करे। विरोध कर रहे इन तीनों कर्मचारियों ने विवि प्रशासन पर तबादलों के नाम पर कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप भी लगाया है। कर्मचारियों ने मंगलवार को विवि के कुलसचिव डा. एके झा को पांच सूत्री ज्ञापन भी सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कुलपति कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।