पौड़ी। खिर्सू और संगलाकोटी में शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं ने डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। डीएम के विकास भवन सभागार में बैठने की सूचना मिलते ही महिलाएं सभागार पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। बढ़ता हंगामा देख डीएम बैठक छोड़कर बाहर आए और महिलाओं से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंगलवार को खिर्सू, ग्वाड़ और संगलाकोटी गांव की महिलाएं बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंची। महिलाओं ने खिर्सू और सांगलाकोटी में शराब की दुकान बंद करने की मांग करते हुए डीएम दफ्तर के बाहर नारेबाजी की। डीएम उस वक्त अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। महिलाएं सीधे विकास भवन पहुंच गई। जहां डीएम सभागार में जिला दिवस पर आयोजित बैठक में जनता की समस्याएं सुन रहे थे। महिलाओं ने वहां पर भी प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम पौड़ी केएस नेगी ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे डीएम से मिलने की मांग पर अड़ गई। बाद में डीएम ने बैठक से बाहर आकर महिलाओं से वार्ता की। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकानों को नहीं खुलने दिया जाए। डीएम सुुशील कुमार ने कहा कि जो भी दुकान मानकों के विरुद्ध होगी उस पर कार्रवाई की जाएगी। बिंजाल संस्था की अध्यक्ष सरिता नेगी ने कहा कि महिलाएं बच्चों के भविष्य के खातिर सड़कों पर उतरकर शराब की दुकानों का विरोध कर रही हैं। पुलिस और प्रशासन शराब की दुुकानें बंद करने के बजाय आंदोलनकारी महिलाओं पर मुकदमे दर्ज कर डराने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं इससे डरने वाली नहीं हैं। चेतावनी दी कि जब तक शराब की दुकानें बंद नहीं होंगी आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों में गायत्री, उर्मिला, धनेश्वरी, देवेश्वरी, सुनीता, भंवरी देवी, रीना, रामेश्वरी, इंदू, सुषमा, संपत्ति, रीमा, दीपा, कौशल्या, कमला, विमला, विनोद, भास्कर द्विवेदी, भगवान आदि शामिल रहे।