प्रदेश में जल्द डिप्लोमा फार्मासिस्टों के 600 पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। नितांत अस्थायी व्यवस्था के तहत भर्ती को राज्यपाल डॉ. केके पाल ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद सरकार ने नियुक्ति के लिए शासनादेश जारी कर दिया है। संविदा फार्मासिस्टों को 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य उपकेंद्रों में फार्मासिस्टों के पद सृजित नहीं हैं। इस वजह से मरीजों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लंबे समय से इन क्षेत्रों में फार्मासिस्टों की नियुक्ति की मांग की जा रही है।
इसको देखते हुए सरकार ने संविदा पर 600 डिप्लोमा फार्मासिस्टों की नियुक्ति का शासनादेश जारी किया है। इनका संवर्ग नियमित फार्मासिस्ट संवर्ग से अलग होगा। उन पर सेवा नियमावली के नियम लागू नहीं होंगे, हालांकि जरूरत पड़ने पर उन्हें लागू किया जा सकता है।