फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in Uttarakhand : आज मिले नौ नए पॉजिटिव मामले, कुल मरीजों का आकड़ा पहुंचा 91

Sat, 16 May 2020 10:30 PM IST
अमर उजाला लोकल ब्यूरो न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : PTI
विज्ञापन

उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को देहरादून में चार, ऊधमसिंह नगर में चार और नैनीताल जिले में एक कोरोना संक्रमित मामला पाया गया। प्रवासियों के लौटने से बढ़ रहे संक्रमण को रोकना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन रहे हैं।

विज्ञापन



प्रदेश में करोना संक्रमित मामलों की संख्या 91 पहुंच गई है। वहीं राज्य में 91 में से 51 मरीज ठीक हो चुके हैं। शनिवार को नौ नए संक्रमित मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा है। प्रदेश में अब तक एक ही दिन में सर्वाधिक नौ कोरोना संक्रमित मामले शनिवार को मिले हैं।

शनिवार को देहरादून जिले में चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले में चार और नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक व्यक्ति समेत नौ और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में एक काशीपुर, एक किच्छा और दो लोग जसपुर के हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में अब संक्रमितों की संख्या 91 हो गई है।
विज्ञापन


 

संक्रमित युवकों की उम्र 18 साल

ऊधमसिंह नगर की सीएमओ शैलजा भट्ट ने बताया कि जिले में पॉजिटिव पाया गया एक युवक (18) काशीपुर के गुलड़िया गांव का है, जो मुंबई से लौटा था। दूसरा किच्छा के बंडिया का रहने वाला है और वह गुरुग्राम से लौटा था।


वहीं, जसपुर में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि ये दोनों मुंबई से आए थे। डॉ. भट्ट ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क आए अन्य लोगों को भी ट्रेस किया जा रहा है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव लोगों की कुल संख्या 20 हो गई है।

नैनीताल के सुुुुुयाल बाड़ी में एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह पिछले दिनों दिल्ली से लौटा था।

अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि शनिवार को देहरादून में चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें मसूरी निवासी 10 साल का बच्चा और डीएल रोड निवासी महिला (32) और उसका बेटा (15) कोरोना संक्रमित पाए गए, जबकि दिल्ली से लौटे रायपुर के आईटी पार्क निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। 10 साल के बच्चे की मां और डीएल रोड निवासी महिला के पति 14 मई को संक्रमित मिले थे। इनका इलाज दून मेडिकल कालेज में चल रहा है।

वहीं शुक्रवार को राज्य में चार कोरोना संक्रमित मामले सामने आए थे। जिसमें से एक देहरादून, एक पौड़ी और दो नैनीताल के थे। 

लॉकडाउन में पिकनिक मनाने गए दो गुटों में मारपीट, दो घायल

कण्वघाटी भाबर में लॉकडाउन के नियमों का उल्लघंन करते हुए कण्वाश्रम में पिकनिक मनाते युवकों के दो गुटों में मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।

मारपीट में मंडावर, बिजनौर निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मारपीट के मामले में बिजनौर के युवकों ने स्थानीय चार अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कलालघाटी चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार कलालघाटी और कोटद्वार क्षेत्र से आए कुछ युवकों के दो गुट शुक्रवार शाम को कण्वाश्रम में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि ये लोग लॉकडाउन के दौरान कण्वाश्रम में पिकनिक मनाने गए थे। देर शाम करीब सात बजे लौटते हुए दोनों गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

स्थानीय लोगों ने कलालघाटी पुलिस चौकी में घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मारपीट में कोटद्वार से आए बिजनौर के मंडावर निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र सुदर्शन सिंह और उज्जवल निवासी मगन सिंह बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस ने 108 की मदद से दोनों घायलों को कोटद्वार चिकित्सालय में भर्ती कराया। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि पीड़ित की ओर से मंडावर निवासी कन्हैया पुत्र उदयवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसके आधार पर मारपीट के आरोप में अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौच और जान से मारने की धमकी में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उत्तरकाशी में कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने से राहत 

जनपद में पाए गए इकलौते कोरोना पॉजिटिव मरीज की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आयी है। अब इस युवक का तीसरा सैंपल रविवार को एम्स ऋषिकेश भेजा जाएगा। यह रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर उसके पूरी तरह सुरक्षित होने की पुष्टि होगी।

बता दें कि बीते चार मई को सूरत गुजरात से मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार युवक सात मई को उत्तरकाशी पहुंचे थे। यहां इनमें से एक युवक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उसका सैंपल जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया था। जबकि शेष तीन को संस्थागत क्वारंटीन किया गया था। नौ मई को उक्त युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जिले में हड़कंप मच गया था।

नगुण बैरियर से जिला अस्पताल पहुंचने के बीच उक्त युवक रास्ते में अपने भाई और मोटरसाइकिल ठीक करने वाले मैकेनिक के सीधे संपर्क में आया था। इन दोनों के अलावा छह अन्य लोग भी इनके साथ प्रथम एवं द्वितीय संपर्क में आए।


प्रशासन ने आनन-फानन में इन सभी आठ लोगों को तत्काल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया और इनके सैंपल 10 मई को जांच के लिए भेजे थे। इन सभी आठ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आना राहत वाली बात रही।

कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए पांच लोग क्वारंटीन

कोटद्वार बेस अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती गुरुग्राम से लौटे युवक के सीधे संपर्क में आए लोगों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग की टीम जुट गई है। स्वास्थ्य विभाग ने युवक के साथ बस में सफर कर रहे 29 लोगों में से दुगड्डा ब्लाक के पांच लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कर दिया है। कोरोना पॉजिटिव युवक का राजकीय बेस अस्पताल में उपचार शुरु कर दिया गया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि शुक्रवार को एम्स ऋषिकेश से युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट है।
विज्ञापन

क्वारंटीन के उल्लंघन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मारपीट के आरोप में प्रवासी गिरफ्तार

चिन्यालीसौड़ में क्वारंटीन नियमों के उल्लंघन और आंगनबाड़ी कार्यकत्री के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट करने पर गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्लॉक के कांडी गांव स्थित क्वारंटीन केंद्र में कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र से लौटे युवक प्रमोद दास पुत्र दलेब दास को क्वारंटीन किया गया था। जहां विगत गुरुवार को उससे मिलने के लिए गांव के दो युवक मुन्ना दास और मदन लाल आये। इस दौरान तीनों लोगों ने क्वारंटीन केंद्र में शराब पीकर जमकर उपद्रव मचाया।

जिसकी शिकायत मिलने पर अगले दिन शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना देवी व कुछ अन्य कर्मचारियों ने क्वारंटीन किए गए युवक को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। लेकिन उक्त युवक ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया। जिसको लेकर काफी देर तक गर्मागर्मी का माहौल बना रहा।

इस बीच ग्राम प्रधान सुरीला देवी ने धरासू थाने पहुंचकर कर तीनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन व आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट करने पर प्रमोद दास को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रवासी लोग कर रहे हैं पंचायत प्रतिनिधियों के अभद्रता

विकास खंड पौड़ी की विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों ने गांव लौट रहे प्रवासियों के व्यवहार पर कड़ा ऐतराज जताया है। ग्राम प्रधानों ने डीएम पौड़ी से शिकायत कर जनप्रतिनिधियों से अभद्रता करने वाले प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रवासियों द्वारा सोशल मीडिया पर गलत-गलत टिप्पणिया की जा रही हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।

शनिवार को ब्लाक पौड़ी के ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष कमल रावत के नेतृत्व में प्रधानों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम धीराज सिंह गब्र्याल ने मुलाकात की। इस मौके पर अध्यक्ष रावत ने बताया कि कोरोना महामारी को लेकर समस्त ग्राम प्रधान सरकार के साथ खड़े हैं।

प्रधान प्रत्येक जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहे हैं। लेकिन गांव लौट रहे प्रवासी लोग व उनके परिवार के सदस्य प्रधानों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। कहा कि सोशल मीडिया पर प्रधानों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे प्रधान मानसिक रुप से परेशान हैं। कहा कि प्रवासियों व उनक परिवार के व्यवहार से गांव का माहौल खराब हो रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें