ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
दिव्यांगजनों की समस्याओं का मौके पर निराकरण के लिए 17 व 27 फरवरी को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बहुउद्देशीय शिविर 17 फरवरी को सामुदायिक भवन सर्वे स्टेट हाथीबड़कला में होगा। इसके अलावा 24 फरवरी को शगुन विवाहघर झूलाघर मसूरी में शिविर का आयोजन होगा।
जिलाधिकारी एसए मुरूगेशन ने बताया कि बहुउद्देशीय शिविर में वृृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन स्वीकृति की औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी की जाएंगी। शिविर में विभिन्न विभागोें के अधिकारी मौजूद रहेंगे जो मौके पर कागजातों का परीक्षण कर प्रमाणपत्र जारी करेंगे। इसके अलावा संबंधित शिकायतों का भी मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ, नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे जो लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। इसके लिए डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गुप्ता को निर्देशित किया है। इसके अलावा उपजिलाधिकारी, तहसीलदार मसूरी एवं सदर, खंड विकास अधिकारी सहसपुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।