ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक 23 फरवरी के बाद होने के आसार हैं। वजह 22 फरवरी तक विधानसभा सत्र के चलते शहर के विधायकों का व्यस्त होना है। विधायकों का बोर्ड मेंबर होने के चलते उनकी अनुपस्थिति में बोर्ड बैठक नहीं हो सकती है। ऐसे में नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक फरवरी के अंत तक होगी।
बता दें, बीते दो दिसंबर को नगर निगम के नए बोर्ड के गठन हो गया था। नियम के अनुसार तीन महीने के भीतर बोर्ड बैठक कराना अनिवार्य है। बोर्ड में शहर के सभी विधायक भी सदस्य होते हैं, लेकिन 22 फरवरी तक सभी विधायक विधानसभा सत्र में शामिल रहेंगे। ऐसे में निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड की बैठक 23 फरवरी के बाद ही होगी। दूसरी ओर सभाकक्ष का निर्माण कार्य भी अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इसके पूरा होने में 10 से 15 दिन का समय और लगने की संभावना है। इसके अलावा अभी तक बोर्ड बैठक का एजेंडा भी तैयार नहीं है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।
उधर, नगर निगम का दायरा 60 से बढ़कर 100 वार्डों का हो गया है। इसमें 40 नए पार्षद पहली बार बोर्ड बैठक में शिरकत करेंगे। नए पार्षदों में बोर्ड बैठक को लेकर काफी उत्साह है। वहीं, पुराने 60 वार्डों के पार्षद भी नगर आयुक्त के पास पहुंचकर बोर्ड बैठक कराने की गुहार लगा चुके हैं।
---
बोर्ड बैठक की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस महीने के अंत तक बोर्ड बैठक हर हाल में होगी। हम सभी बोर्ड बैठक को लेकर उत्साहित हैं।
-सुनील उनियाल गामा, मेयर